मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव (नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन) मनोज कुमार राय ने शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे के दौरान मुजफ्फरनगर जिले के तुगलकपुर कम्हेड़ा स्थित गौ अभयारण्य का निरीक्षण किया। यह दौरा जल जीवन मिशन के तहत “हर घर नल” परियोजना और गौ अभयारण्यों की समीक्षा के लिए निर्धारित था।
निरीक्षण के दौरान श्री गोवर्धन गो सेवा समिति के सचिव विपुल भटनागर, कोषाध्यक्ष आशुतोष कुच्छल और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने विशेष सचिव व मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इसके पश्चात श्री राय ने गो अभयारण्य में पहुंचकर गो पूजन किया और वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने गोसेवकों से सीधा संवाद कर भ्रूण प्रत्यारोपित गायों, भूसे के भंडारण, हरे चारे तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
“यह गौ अभयारण्य प्रदेश में एक मॉडल गोशाला के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। मैं स्वयं मुख्यमंत्री जी को अवगत कराऊंगा कि ऐसे केंद्र प्रत्येक जनपद में बनाए जाएं जिससे निराश्रित गोवंशों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।”
श्री राय ने इंडसइंड बैंक द्वारा संचालित वेटनरी हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं को और बेहतर बनाने के सुझाव भी दिए।
विपुल भटनागर ने जानकारी दी कि यह गौ अभयारण्य डॉ. संजीव बालियान के प्रयासों से केवल आठ महीनों में NDDB द्वारा विकसित किया गया और जनवरी 2024 में राज्य सरकार को हस्तांतरित किया गया। इसे PPP मॉडल पर श्री गोवर्धन गो सेवा समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है।
CVO डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने अवगत कराया कि वर्तमान में गौशाला में 2573 निराश्रित गोवंश की देखरेख की जा रही है। पहले यह क्षेत्र निराश्रित गौवंश की गंभीर समस्या से जूझ रहा था, लेकिन अब वह समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मोहित (पशु चिकित्सा अधिकारी, पुरकाजी),डॉ. विजय (पशु चिकित्सा अधिकारी, बुढ़ाना), डॉ. राजन बिजयाल (भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड), एस. करार, मोंटी सैनी, परविंदर आर्य, कार्तिक (काऊ सेंचुरी प्रबंधन से) आदि शामिल रहे।










Discussion about this post