मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में देर रात एक संदिग्ध विस्फोट से हड़कंप मच गया। विस्फोट ज्वैलर्स अनिल वर्मा और मदन वर्मा की दुकान में हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की कई दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना में एक कपड़े की दुकान समेत कुल तीन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
धमाके की आवाज से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह धमाका रात के समय हुआ, जब बाजार बंद था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसपी देहात और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दुकान मालिक अनिल वर्मा ने बताया कि वे पिछले 30 वर्षों से यह दुकान चला रहे हैं। यह एक किराए की दुकान है और इस तरह की घटना पहली बार हुई है। अनिल वर्मा ने कहा, “धमाका इतना जोरदार था कि दोनों शटर उखड़कर सड़क पर आ गिरे, छत और दीवारें भी टूट गईं। साथ में बराबर की कपड़े की दुकान भी प्रभावित हुई है। हमें शक है कि यह कोई बड़ी साजिश हो सकती है।”
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस कई बार मौके पर आ चुकी है लेकिन अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। फिलहाल पुलिस की ओर से बाहर से विशेषज्ञ टीम को बुलाया जा रहा है, जो फॉरेंसिक और बम निरोधक पहलुओं से जांच करेगी।
स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। कई लोगों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई जाए और इस घटना की निष्पक्ष व गहराई से जांच हो।










Discussion about this post