नई दिल्ली : राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव द्वारा परिवार और पार्टी से निकाल दिए गए बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को लालू की बेटी राजलक्ष्मी यादव के चचेरे ससुर और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीडियो कॉल किया है। तेज प्रताप ने अपने हमनाम बहनोई तेज प्रताप सिंह यादव के चाचा और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के वीडियो कॉल की स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर की है और बताया है कि सपा अध्यक्ष हमेशा उनके दिल के काफी करीब रहे हैं। इमोशनल तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में कहा है कि अखिलेश के फोन से उन्हें लग रहा है कि वो अपनी लड़ाई में अकेले नहीं हैं।
तेज प्रताप यादव ने ट्वीट किया है- “आज मेरे परिवार के सबसे प्यारे सदस्यों में से एक यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से वीडियो कॉल पर लंबी वार्ता हुई। इस दौरान बिहार के राजनीतिक हालातों पर भी चर्चा हुई। अखिलेश हमेशा से ही मेरे दिल के काफी करीब रहे हैं और आज जब मेरा हालचाल लेने के लिए उनका अचानक से कॉल आया तो ऐसा लगा जैसे मैं अपने इस लड़ाई में अकेला नही हूं।”
याद दिला दें कि तेज प्रताप यादव के ही फेसबुक पेज से उनकी और अनुष्का यादव की एक फोटो छापकर बताया गया था कि 12 साल से दोनों रिलेशनशिप में हैं। फिर पोस्ट डिलीट हो गया। तेज प्रताप ने बताया कि उनका पेज हैक कर लिया गया था और उनको बदनाम करने के लिए साजिश रची गई। इसके बाद लालू यादव ने तेज प्रताप को परिवार से बेदखल करने और पार्टी से निकालने का फैसला लिया था। लालू के इस फैसले का तेजस्वी यादव, मीसा भारती और रोहिणी आचार्या ने समर्थन किया है।











Discussion about this post