लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश में कुछ दिन ठहराव के बाद शनिवार से बादलों की सक्रियता दोबारा बढ़ने वाली है। माैसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती परिसंचरण के असर से यूपी में तीन-चार दिन दोबारा अच्छी बारिश के संकेत हैं। बारिश की शुरूआत यूपी के दक्षिणी जिलों से होगी।
शुक्रवार और शनिवार के लिए प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। बृहस्पतिवार को हाथरस में सर्वाधिक 52 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश देखने को मिली।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे एक और वेदर सिस्टम के असर से यूपी में 30 अगस्त से दक्षिणी जिलों से दोबारा बारिश का दाैर शुरू होगा। रविवार तक पश्चिमी यूपी भी इस बारिश की जद में आ जाएगा। शुक्रवार को कहीं हल्की बारिश तो कहीं छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।











Discussion about this post