मुजफ्फरनगर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस (25 दिसंबर) के उपलक्ष्य में मुजफ्फरनगर में उत्सव और सेवा का माहौल है। इस अवसर को चिरस्थायी बनाने के लिए नगर पालिका परिषद और भाजपा ने शहर के व्यस्तम मीनाक्षी चौक का नाम बदलकर ‘अटल चौक’ रखने का प्रस्ताव पास किया है।
सड़कों पर उतरीं चेयरमैन और कार्यकर्ता-
बुधवार को इस घोषणा के साथ ही शहर में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी के निर्देशन और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में ‘अटल चौक’ से लेकर ‘शिव मूर्ति’ तक स्वच्छता श्रमदान किया गया। इस दौरान चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर सड़क साफ की और जनता को स्वच्छता का संदेश दिया।
सफाई मित्रों का सम्मान और उत्साहवर्धन-
भाजपा मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल शहर को साफ करना था, बल्कि नगर पालिका के ‘सफाई मित्रों’ का उत्साहवर्धन करना भी था। कार्यकर्ताओं ने सफाई कर्मियों के साथ मिलकर काम किया और स्वच्छ शहर के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
जनता से अपील-
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और मंडल अध्यक्षों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास कूड़ा न फैलाएं और मुजफ्फरनगर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में नगर पालिका का सहयोग करें। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।










Discussion about this post