पूर्णिया। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को दावा किया कि जनता बदलाव के पक्ष में है और हमें पूरा भरोसा है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। पूर्णिया में सपा सांसद ने कहा कि बिहार की जनता ने लगातार विकास के लिए एनडीए को बिहार में सत्ता सौंपी, लेकिन हर बार जनता के साथ विश्वासघात हुआ है।
इस बार जनता किसी के बहकावे में नहीं आएगी और अपने बच्चों के लिए राज्य में रोज़गार सुनिश्चित करने वाली सरकार चुनेगी। एनडीए सरकार के 20 साल के शासन पर निशाना साधते हुए सपा सांसद ने कहा, “सरकार अपने घोषणापत्र में रोज़गार की बात करती है, लेकिन 20 साल में उसने कितना रोज़गार दिया? सच तो यह है कि आज भी बिहार चुनाव में रोज़गार एक बड़ा मुद्दा है। अगर एनडीए सरकार ने युवाओं को रोज़गार दिया होता, तो उन्हें नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ता।”
उन्होंने कहा कि आज भी लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। अपना घर छोड़ दूसरे प्रदेशों की ओर जाना पड़ रहा है। चुनाव में यह मुद्दा विपक्ष की ओर से जोर-शोर से उठाया जा रहा है। एनडीए ने बिहार को पीछे ले जाने का काम किया है, लेकिन महागठबंधन की मजबूत सरकार बिहार को आगे ले जाने का कार्य करेगी। भाजपा के नेताओं को निशाने पर लेते हुए सपा सांसद ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करती है। बिहार में महागठबंधन की सरकार में सर्व समाज को सम्मान दिलाया जाएगा। हमें उम्मीद है कि हम बिहार में सरकार बनाएंगे। बिहार में पहले चरण के मतदान के बाद, अब सभी राजनीतिक दल दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियों में लग चुके हैं, जो 11 नवंबर को होगा।











Discussion about this post