मेरठ। मेरठ-करनाल सेक्शन के भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान के साथ हुई बदसलूकी के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। एनएचएआई ने टोल वसूली एजेंसी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है और उसे एक साल तक किसी भी टोल बोली में भाग लेने से रोक दिया है।
दरअसल, 17 अगस्त को छुट्टियां बिताकर श्रीनगर कैंप लौट रहे सेना के जवान कपिल सिंह से भूनी टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने मारपीट की थी। जवान ने भीड़ के बीच से निकलने की गुजारिश की थी, जिसपर विवाद बढ़ गया और 8-10 कर्मचारियों ने उस पर हमला कर दिया। यह घटना स्थानीय स्तर पर ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रही।
सड़क परिवहन मंत्रालय के अनुसार एनएचएआई ने टोल वसूली एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही एजेंसी की 3.66 करोड़ रुपये की प्रदर्शन सुरक्षा राशि का उपयोग टोल प्लाजा पर क्षतिग्रस्त उपकरणों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत व प्रतिस्थापन में किया जाएगा। घटना की जांच में टोल एजेंसी ‘धर्म सिंह’ को अनुबंध की शर्तों का उल्लंघनकर्ता पाया गया। एजेंसी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उसका जवाब असंतोषजनक पाया गया।
भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए एनएचएआई ने सभी टोल वसूली एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि उनके कर्मचारी सड़क उपयोगकर्ताओं या जनप्रतिनिधियों से अभद्रता करते हैं, तो उन पर तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, एनएचएआई ने सभी टोल कर्मचारियों को ‘कस्टमर इंटरैक्शन और कम्युनिकेशन स्किल्स’ पर विशेष प्रशिक्षण देने का भी आदेश जारी किया है।











Discussion about this post