मुजफ्फरनगर। देश सेवा का सपना संजोए बिजनौर और बागपत के हजारों युवाओं ने शनिवार को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम और नुमाइश कैंप में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में अपने जज्बे और ताकत का प्रदर्शन किया। सुबह-सुबह शुरू हुई इस प्रक्रिया में युवाओं ने पूरी ताकत के साथ 1600 मीटर दौड़ लगाई।
भर्ती स्थल पर शुक्रवार रात से ही युवाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मेरठ रोड से लेकर स्टेडियम और नुमाइश मैदान तक लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को देखते हुए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की गहन जांच के बाद उन्हें अलग-अलग बैचों में विभाजित कर दौड़ और शारीरिक परीक्षा कराई गई।
सुबह सबसे पहले दौड़ परीक्षा हुई। निर्धारित समय के आधार पर अंक दिए गए—5:30 मिनट या उससे कम समय में दौड़ पूरी करने वालों को 60 अंक, 5:31 से 5:45 मिनट तक वालों को 48 अंक, 5:46 से 6:00 मिनट तक वालों को 36 अंक और 6:01 से 6:15 मिनट तक वालों को 24 अंक मिले। इसके बाद चयनित युवाओं को पुशअप, जिगजैग रन और नौ फीट गड्ढा कूद जैसी शारीरिक परीक्षाओं से गुजरना पड़ा।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई युवाओं के चेहरे पर सफलता की चमक दिखी तो वहीं असफल रहे अभ्यर्थी निराश भी नजर आए। अधिकारियों की सख्त निगरानी में दिनभर चली प्रक्रिया को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। स्टेडियम और नुमाइश कैंप के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया ताकि युवाओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
रविवार को बिजनौर और बागपत के 1044 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लेंगे। चयन प्रक्रिया के आगे के चरणों में मेडिकल और अन्य शारीरिक परीक्षण शामिल होंगे। सभी चरणों को पार करने वाले युवाओं को अंतिम रूप से लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा और उसी आधार पर चयन सूची जारी होगी।










Discussion about this post