शामली। जलालाबाद कस्बे के पीएमश्री स्कूल में भरी कक्षा में छात्र के कपड़े उतरवाने और बच्चों को पिलाए जाने वाले दूध में आधा पानी मिलाने की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी है। मामले में जांच समिति गठित करते हुए मंगलवार को स्कूल में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट हामिद हुसैन जांच के लिए पहुंचे, हालांकि प्रधानाध्यापिका छुट्टी पर थीं। अधिकारियों ने अन्य शिक्षिकाओं से मामले को लेकर पूछा तो प्रधानाध्यापिका पर गंभीर आरोप लगाए। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने जल्द रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपने की बात कही है।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के अनुसार, कस्बा जलालाबाद स्थित पीएमश्री विद्यालय का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कहा गया कि वायरल वीडियो में कक्षा में ही प्रधानाध्यापिका गीता ने एक छात्र की शर्ट उतरवाते हुए दूसरे छात्र को पहना दी, जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। इसके साथ ही स्कूल में सोमवार को बच्चों को दिए जाने वाले दूध में भी लगभग 15 लीटर पानी मिलाने का वीडियो भी वायरल हुआ।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो अपर जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह ने टीम गठित करते हुए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को पूरे मामले की जांच सौंप दी। मंगलवार को उक्त आरोपों के बीच अतिरिक्त मजिस्ट्रेट जांच को विद्यालय पहुंचे। विद्यालय की सहायक अध्यापक ममता देवी, नीलम, कविता, अजीत सिंह, अनिता, जिनेश, अवनीश कुमार से पूछताछ की, तो स्टाफ ने प्रधानाध्यापिका गीता देवी पर मिड-डे मील से लेकर अन्य मामलों तक में गंभीर आरोप लगाए।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि बच्चे की शर्ट उतरवाने के प्रकरण में बच्चों से भी पूछताछ की गई। वहीं मिड-डे मिल में बनाए गए दाल-चावल को चखकर उसकी गुणवत्ता को परखा। हालांकि जांच के दौरान प्रधानाध्यापिका गीता देवी छुट्टी पर मिलीं। जिसके चलते पूरे मामले पर पक्ष मालूम नहीं हो सका। वीडियो प्रकरण की कई बिंदुओं पर जांच की गई है। पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।
वहीं विद्यालय प्रधानाध्यापिका गीता ने बताया कि उन्होंने किसी छात्र की कोई शर्ट नहीं उतरवाई है। विद्यालय के अध्यापकों द्वारा उन पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे बिलकुल गलत हैं। राजनीति के तहत आरोप लगाए गए हैं।











Discussion about this post