मुजफ्फरनगर। सेना में भर्ती होने का सपना संजोए युवाओं के हौसले को मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी।मंगलवार को मेरठ रोड स्थित नुमाइश ग्राउंड एवं स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर जीडी भर्ती प्रक्रिया में जिले की चार तहसीलों सदर, बुढ़ाना, खतौली और जानसठ के 900 से अधिक अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लेकर यह साबित कर दिया कि देश सेवा का जज्बा किसी भी बाधा के आगे नहीं रुकता।
भीगते हुए ट्रैक पर युवाओं ने नियमों के अनुरूप दौड़, बीम और संतुलन सहित सभी शारीरिक परीक्षण पूरे किए। अभ्यर्थियों की आंखों में वर्दी पहनने का सपना और उत्साह साफ झलक रहा था। कुछ युवाओं का सपना कुछ सेकेंड के अंतर से अधूरा जरूर रह गया, लेकिन उनका जोश देखते ही बनता था।
भर्ती निदेशक कर्नल सत्यजीत बेबले (एआरओ मेरठ) ने बताया कि इस बार युवाओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। पहली बार अभ्यर्थियों को पक्के 400 मीटर ट्रैक पर दौड़ कराई गई। इससे पहले बारिश में कीचड़ और फिसलन के कारण अभ्यर्थियों को दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। 2022 में कई युवा घायल भी हो गए थे। लेकिन इस बार व्यवस्थाएं सुदृढ़ होने से उन्हें राहत मिली।
मुजफ्फरनगर जिले की अग्निवीर जीडी भर्ती प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। बुधवार को अग्निवीर टेक्निकल की भर्ती होगी, जिसमें अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, रामपुर, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर से कुल 1189 अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती की शुरुआत सुबह 5 बजे दौड़ से होगी।
मुजफ्फरनगर में यह सेना की पांचवीं और अग्निपथ योजना के तहत दूसरी भर्ती प्रक्रिया है। इस बार लगभग 17 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिन्होंने पहले लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की थी। पहले यह भर्ती चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में होती थी, जहां बारिश में कच्चे ट्रैक पर युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन नुमाइश मैदान में बने पक्के ट्रैक की वजह से इस बार बारिश कोई बाधा नहीं बन सकी और युवा पूरे जोश से दौड़ते नजर आए।










Discussion about this post