नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका जिला के उत्तम नगर इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की शिनाख्त करण देव के रूप में हुई है। अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए आरोपी महिला ने पति को बिजली का झटका देकर उसे मार डाला। महिला ने मृतक के परिजनों को महज करंट लगने की जानकारी दी थी। परिवार वालों ने भी इसे हादसा माना।
लेकिन घटना के कुछ दिन बाद भाभी और उसके चचेरे भाई के बीच हुए चैट को देखकर मृतक के छोटे भाई को साजिश का पता चला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान ओम विहार निवासी सुष्मिता देव और राहुल देव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक करण अपनी पत्नी सुष्मिता देव और 6 साल के बेटे के साथ ओम विहार फेस-1 स्थित में रहते थे। वह निजी कंपनी में काम करते थे। उसके घर के पास ही करण के पिता कृष्ण देव, मां नीरू देव और छोटा भाई कुणाल अपने पुराने वाले घर में रहते हैं।
करण की बहन नैंसी कपूर ने बताया कि रविवार सुबह सुष्मिता करण के पिता के घर पहुंची और बताया कि करण को करंट लग गया है और वह बेहोश है। परिजन तुरंत भागकर उसके घर पहुंचे और अचेत पड़े करण को लेकर पास के मग्गो अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया।
बहन के मुताबिक उसके मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। अस्पताल पहुंची उत्तम नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बहन ने बताया कि सुष्मिता, करण का चचेरा भाई राहुल देव और राहुल के पिता हरीश देव लगातार पोस्टमार्टम करवाने से मना कर रहे थे। लेकिन संदिग्ध मौत होने की वजह से पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
परिवार वालों ने बताया कि करण के दाह संस्कार के दौरान कुणाल के हाथ उसके चचेरे भाई राहुल का मोबाइल फोन लग गया। जिसमें उसे राहुल और उसकी भाभी का चैट मिला। चैट में हत्या की साजिश के पूरे सबूत मिले। परिवार वालों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने तुरंत मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया। जहां से टीम ने साक्ष्य हासिल किया। उसके बाद पुलिस ने सुष्मिता और राहुल को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक सुष्मिता और राहुल का दो साल से अफेयर चल रहा था। दोनों ने मिलकर करण की हत्या इसलिए की ताकि वे साथ रह सकें और करण की संपत्ति पर कब्जा कर सकें। उत्तम नगर थाना पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की तफ्तीश कर रही है।











Discussion about this post