लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 52वें जन्मदिन पर मंगलवार को सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का तांता लग गया। देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, लेकिन सबसे चर्चित शुभकामना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह 5:53 बजे दी।
सीएम योगी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!”। खास बात यह रही कि अखिलेश यादव ने दो घंटे बाद इस पर जवाब देते हुए लिखा, “आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।”
हालांकि यह बात भी लोगों को याद रही कि जब योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन 5 जून को था, तब अखिलेश ने रात 10 बजे उन्हें बधाई दी थी। इस बार योगी ने सुबह सबसे पहले बधाई देकर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी PDA गठबंधन के साथी अखिलेश यादव को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “PDA की बुलंद आवाज अखिलेश भाई को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। आप स्वस्थ रहें, खुश रहें। हम इस न्याय और बराबरी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ हैं।”
बसपा प्रमुख मायावती ने भी अपने पोस्ट में लिखा, “समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में सांसद अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई तथा सुखी व दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं।”
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सतीश महाना ने लिखा, “विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और लोकसभा सदस्य, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!”
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा, “सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने लिखा, “अखिलेश यादव को जन्मदिवस की शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और महादेव की कृपा से आप स्वस्थ और दीर्घायु हों।”
इस तरह अखिलेश यादव के जन्मदिन ने एक बार फिर राजनीतिक सौहार्द और जुबानी संदेशों की गर्मजोशी को चर्चा में ला दिया है।










Discussion about this post