लखनऊ। यूपी में मौसम मेहरबान है। पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। रविवार को मानसून ने जबरदस्त उपस्थिति दर्ज कराई और मूसलाधार बारिश हुई। सुबह से ही काले बादल छाए रहे और पूरे नहीं छटे। दिन भर रुक-रुककर कई हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि अगले 48 घंटे अब भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
लखनऊ स्थित मौसम विभाग के मुताबिक माध्य समुद्र तल पर मानसून अमृतसर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाल्मीकिनगर, छपरा, जलपाईगुड़ी से होकर पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश तक जा रही है। जिससे बारिश हो रही है। अगले दो दिन यानि 5 अगस्त और 6 अगस्त को यूपी के लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार है। वहीं, कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना भी है। अगर 4 अगस्त की बात करें तो श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
4 से लेकर 6 तारीख तक बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी और आसपास के इलाके में यलो अलर्ट जारी है।
उधर, भारी बारिश के कारण गंगा, यमुना और बेतवा सहित प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और 13 जिले बाढ़ की स्थिति का सामना कर रहे हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
राहत आयुक्त कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, गंगा नदी वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर और बलिया में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि यमुना औरैया, कालपी, हमीरपुर, प्रयागराज और बांदा में लाल निशान से ऊपर है। इसके अनुसार बेतवा नदी भी हमीरपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं, रविवार को 14.2 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई और 24 जिलों में भारी बारिश हुई।











Discussion about this post