शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में तीन सगे भाई चांदी ढलाई के नाम पर करीब 25 किलो चांदी लेकर अचानक फरार हो गए।यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां करीब एक दर्जन सर्राफा व्यापारियों ने अपने चांदी के सामान की वापसी नहीं होने पर कोतवाली में तहरीर दी है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अरविंद, रवि और प्रवीण नामक तीनों भाई, जो टपराना थाना झिझाना के निवासी हैं, पिछले कई वर्षों से शामली में चांदी की ढलाई का काम करते थे। पिछले एक हफ्ते से उन्होंने विभिन्न सर्राफा व्यापारियों से चांदी इकट्ठा की, जो करीब 25 किलो है। रविवार को चांदी लेकर तीनों कारीगर अचानक गायब हो गए, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
सर्राफा व्यापारी अनुज वर्मा ने बताया कि आठ-नौ लोगों ने चांदी उनके पास दी थी, जो तीनों ने वापस करने का वादा किया था। शनिवार को व्यापारी जब उनके दुकान पहुंचे तो दुकान का ताला बंद मिला और वे फरार हो गए। शामली के बाजार में कुल 9-10 व्यापारी प्रभावित हैं, जिनकी चांदी चोरी गई है।
पुलिस ने अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है, लेकिन जांच जारी है। सीओ सिटी अमरदीप मौर्या ने बताया कि अमरीश वर्मा समेत अन्य व्यापारियों ने तहरीर दी है कि प्रवीण वर्मा नामक व्यक्ति चांदी लेकर फरार हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।











Discussion about this post