मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के निरगाजनी झाल स्थित ब्रिटिश कालीन जर्जर पुल का मलबा गिरने से खतरा पैदा हो गया है। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से पुल को बंद कर दिया। पुल पर दीवार बनाकर चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। इससे शुकतीर्थ-बरला मार्ग बंद हो गया, जिससे हजारों वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ा। वहीं, आसपास के गांवों के किसानों को भी अपने खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को विभाग के एक्सईएन अनिल राणा, एसडीओ मोनी सिंह और जेई विपिन कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पुल को बंद करने का आदेश दिया। इससे पहले बेलदार दीपराज ने जानकारी दी थी कि पुल के बीच से भारी मात्रा में ईंट और मलबा नीचे गिरा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व एक ट्रक गुजरने के दौरान पुल से भारी मात्रा में मलबा गिरा था, जिसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी गई थी। पुल बंद होने से रहमतपुर, गड़वाड़ा और सिकंदरपुर गांव के किसानों को खेत तक जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। इसके अलावा शुकतीर्थ और मोरना से बसेड़ा, बरला, देवबंद और सहारनपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रहमतपुर निवासी धनपाल सिंह ने बताया कि पुल की हालत लंबे समय से खराब थी लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से निरगाजनी झाल पंचक्की पुल सहित अन्य जर्जर पुलों का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।










Discussion about this post