मुजफ्फरनगर। जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। तितावी थाना क्षेत्र के बघरा गांव में सड़क हादसे में घायल युवक की मदद के नाम पर एक युवक ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके गले से सोने की चेन लूट ली। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उससे चेन बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम छतैला निवासी 22 वर्षीय आदित्य पाल पुत्र पप्पू पाल सोमवार देर रात बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान मौके पर पहुंचे एक युवक ने घायल आदित्य की मदद करने का दिखावा करते हुए उसके गले से सोने की चेन निकाल ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर सक्रिय हुई तितावी पुलिस ने आरोपी को दबोचकर चेन बरामद कर ली।
घटना के बाद क्षेत्र में आरोपी की हरकत की कड़ी निंदा हो रही है। लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त मदद करने के बजाय इस तरह का अमानवीय कार्य समाज के लिए कलंक है। वहीं, यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।










Discussion about this post