मेरठ। सोमवार देर रात लावड़ सब्जी मंडी से आगे एक कॉलेज के पास बिसौला गांव निवासी 11वीं के छात्र आजाद (15) की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में आजाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार 12 वर्षीय कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
घायल कन्हैया ने पुलिस को बताया कि वह सरसों निकालने वाली मशीन पर काम करते हैं। ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो जाने के कारण मालिक ने उन्हें लावड़ स्थित पेट्रोल पंप से तेल लेने के लिए भेजा था। तेल लेकर वापस लौटने के दौरान आजाद बाइक चला रहा था और कन्हैया पीछे बैठा था। सब्जी मंडी से आगे एक कॉलेज के पास आगे चल रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली से बाइक टकरा गई, जिस कारण बाइक फिसल गई और आजाद की मौके पर ही मौत हो गई। कन्हैया हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन पर जानकारी दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। आजाद चार बहन-भाइयों में दूसरे नंबर का था और पढ़ाई के साथ मजदूरी कर परिवार के घर खर्च में सहयोग करता था। आजाद की मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीण उसके घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्र का कहना है कि इस मामले में तहरीर नहीं मिली है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post