मोरना। नई मंडी थाना क्षेत्र में भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में कैंटर की चपेट में आकर बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक राजेंद्र (55) पुत्र मोहन कश्यप गांव ककराला (भोपा थाना क्षेत्र) निवासी थे, जो अपने बड़े बेटे दीपक के साथ कैराना क्षेत्र में अपनी बेटी ममतेश से मिलने जा रहे थे।
दीपक बाइक चला रहा था। जैसे ही दोनों जटमुझेड़ा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि दीपक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजेंद्र की असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी अतरी देवी, बेटे नीरज और बेटियां सुमन व ममतेश का रो-रोकर बुरा हाल है।










Discussion about this post