मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर ने शहर के सौंदर्यीकरण एवं विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 3 जून को होने वाली बोर्ड बैठक में 143 प्रस्तावों का एजेंडा रखा है। यह बैठक टाउन हॉल हॉल में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में होगी, जिसमें शहर के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी।
मुख्य प्रस्तावों में टाउनहाल के बाहर पूर्व में स्थित चाट बाजार की जगह सौन्दर्यकरण पर 70 लाख रुपये खर्च किए जाने का निर्णय प्रमुख है। निर्माण विभाग ने इसके लिए विस्तृत व्ययनुमान तैयार किया है। इसके साथ ही टाउनहाल परिसर में महाराज अग्रसैन की प्रतिमा के लिए नया स्थल निर्माण, पार्किंग की ई-निविदा प्रक्रिया, पेयजलापूर्ति को बेहतर बनाने हेतु 10 नए आरओ वाटर कूलर लगाने और अन्य विकास कार्य भी एजेंडे में शामिल हैं।
पालिका ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दिल्ली की जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. नामक कंपनी के साथ तीन साल का करार करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस कंपनी को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और शहरी सफाई का जिम्मा सौंपा जाएगा। पालिका इस काम के लिए हर माह 1.25 लाख रुपये से अधिक खर्च करेगी और तीन वर्षों में कुल 45.16 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। बोर्ड की मंजूरी के बाद कंपनी कार्यभार संभालेगी।
शहर में श्रावण मास की शिवरात्रि पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विशेष तैयारियों के प्रस्ताव भी इस एजेंडे में रखे गए हैं। इनमें कांवड़ कंट्रोल रूम की स्थापना, 150 सफाईकर्मियों की तैनाती, इमरजेंसी लाइट, खोया-पाया केंद्र, दिशा सूचक बोर्ड और बैनर आदि शामिल हैं।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कर्मचारियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए 10 लाख रुपये से अधिक महंगाई भत्ते के भुगतान और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े प्रस्तावों को भी एजेंडे में शामिल कराया है।
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि शहर की मूलभूत सुविधाएं मजबूत हों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें। बोर्ड की यह बैठक शहर की दिशा और दशा बदलने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।”










Discussion about this post