मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले में शुक्रवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस बीच पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में आसपास के जंगलों में कांबिंग की, लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक आईफोन, एक तमंचा और दो दिन पहले लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना की जानकारी देते हुए सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि 28 मई की रात जाट कॉलोनी, सुमन विहार की एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने आईफोन लूट लिया था और मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी।
शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश संधावली फाटक की ओर से बाइक पर आ रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। तभी सामने से एक ट्रक आ गया, जिससे उन्हें जंगल की ओर भागना पड़ा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश, जिसकी पहचान विजय मलिक उर्फ गोल्डी पुत्र अशोक कुमार, निवासी काज़ीखेड़ा के रूप में हुई, घायल हो गया। उसका साथी अमित मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश से पूछताछ में लूट से संबंधित कई जानकारियां भी मिली हैं। पीड़ित महिला ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
सीओ सिटी राजू साव ने बताया कि पुलिस ने मात्र 40 घंटे में लूट का खुलासा करते हुए आईफोन और अन्य सामान बरामद कर लिया है। फरार बदमाश की तलाश जारी है।










Discussion about this post