मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकलां और आदमपुर गांव के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
खतौली थाना क्षेत्र के गांव भैंसी निवासी 35 वर्षीय धीरज अपने साथी रामबीर, निवासी गांव बेगराजपुर के साथ बाइक से भौराकलां की ओर जा रहा था। जैसे ही वे बसीकलां और आदमपुर गांव के बीच पहुंचे, एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से उन्हें हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान धीरज की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हालांकि, पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना एक ई-रिक्शा की टक्कर से हुई, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।










Discussion about this post