मुज़फ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका में पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने प्लास्टिक का बहिष्कार करने और प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा लगाने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि आज का दिन विशेष है क्योंकि यह न केवल पर्यावरण दिवस है बल्कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस भी है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण, गौ, और राष्ट्र प्रेम के प्रतीक हैं। उनका जन्मदिन हम वृक्षारोपण करके मना रहे हैं।”
इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने क्रांतिकारी शालू सैनी द्वारा आयोजित ‘इको मेला’ का भी निरीक्षण किया, जिसमें मिट्टी और तांबे के बर्तनों को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने कहा कि आजकल प्लास्टिक और डिस्पोजल बर्तनों के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। अब समय आ गया है कि हम दोबारा अपनी पुरानी और पर्यावरण मित्र जीवनशैली की ओर लौटें।
शहर के कंपनी बाग में जिलाधिकारी, नगर निगम के सभासद और समाज के वरिष्ठ जनों के साथ मिलकर मंत्री ने वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा, “पर्यावरण दिवस की थीम है वृक्षारोपण और प्लास्टिक का बहिष्कार। सभी नागरिकों को प्रकृति की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से जुड़ना चाहिए।”
कार्यक्रम आयोजक शालू सैनी ने बताया कि इको मेला का उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक और परंपरागत जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा, “जब हम मिट्टी के बर्तनों में पानी पीते थे, तांबे के बर्तनों में खाना खाते थे और कपड़े के थैले का प्रयोग करते थे, तब बीमारियां कम होती थीं और जीवन अधिक स्वस्थ होता था।”
मंत्री कपिल देव अग्रवाल से जब ब्रह्मपुरी में वीडियो के माध्यम से धरने की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि, “मुज़फ्फरनगर में सभी भाजपा कार्यकर्ता हैं। उनकी समस्या को सुनकर समाधान किया जाएगा।”










Discussion about this post