अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र के करनाईपुर गांव में मंगलवार को शादी समारोह के दौरान बारातियों और घरातियों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जा रही 108 एंबुलेंस को बाइक सवार युवकों ने रास्ते में रोक लिया। एंबुलेंस चालक और ईएमटी से मारपीट कर चाबी छीन ली और घायलों समेत एंबुलेंस लेकर भाग गए। जीपीएस की मदद से एंबुलेंस को प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के अमिलहना गांव से बरामद कर लिया गया।
घटना करनाईपुर गांव निवासी जयप्रकाश गुप्ता की बेटी कविता की शादी के दौरान हुई। बारात प्रतापगढ़ के अमिलहना गांव से आई थी। द्वारपूजा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस घटना में चार बाराती घायल हो गए।
नोनरा गांव निवासी तीरथराज ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस मंगवाई। एंबुलेंस चालक संजय तिवारी और ईएमटी अमित पटेल घायलों को लेकर सीएचसी संग्रामपुर की ओर जा रहे थे। तभी सहजीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक सवार चार अज्ञात युवकों ने एंबुलेंस को ओवरटेक कर रुकवाया। उन्होंने एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर चालक और ईएमटी की पिटाई की, चाभी छीन ली और एंबुलेंस लेकर घायलों सहित मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही अमेठी, संग्रामपुर, रामगंज, पीपरपुर तथा प्रतापगढ़ के अंतू थाने की पुलिस हरकत में आई। जीपीएस के जरिए लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने एंबुलेंस को अमिलहना गांव से बरामद कर लिया, लेकिन उसमें सवार घायल और आरोपी भाग चुके थे।
एंबुलेंस चालक संजय तिवारी की तहरीर पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, शादी में हुई मारपीट को लेकर राहुल पाल की तहरीर पर राहुल वर्मा समेत चार नामजद व अज्ञात के विरुद्ध तथा राहुल वर्मा की ओर से प्रिंस वर्मा समेत चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि करनाईपुर निवासी प्रिंस वर्मा और प्रतापगढ़ के अमिलहना निवासी राहुल वर्मा के बीच बरात के दौरान विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई और घायलों को सीएचसी ले जा रही एंबुलेंस को रास्ते में रोका गया। चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। दोनों पक्षों से प्राप्त अलग-अलग तहरीरों पर भी सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।











Discussion about this post