मुजफ्फरनगर। जिले में सोमवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सोंटा निवासी विपिन कुमार (40 वर्ष) के साथ शाहपुर मोड़ के पास हुई, जबकि दूसरी दुर्घटना छपार थाना क्षेत्र के तेजलहेड़ा गांव निवासी राजीव (35 वर्ष) की बढ़ीवाला गांव के निकट हुई। दोनों हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांवों में मातम पसरा हुआ है।
पहली घटना: काम से लौटते समय हुई विपिन की मौत
परिजनों के मुताबिक विपिन कुमार शाहपुर मोड़ के पास खानुपुर मिल के एक गोदाम में मजदूरी करता था। सोमवार रात काम खत्म कर वह अपनी टीवीएस बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर शाहपुर कट के पास सड़क पार कर रहा था, तभी हरिद्वार की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। कार सवार मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना विपिन के परिचित लोकेश, अंकित और संदीप ने परिजनों को दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई रामकुमार पुत्र तिलकराम ने थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना: बढ़ीवाला के पास घायल हुए राजीव की भी मौत
छपार थाना क्षेत्र के तेजलहेड़ा गांव निवासी राजीव पुत्र छत्रपाल की भी सोमवार रात एक हादसे में जान चली गई। वह बढ़ीवाला गांव के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
दोनों हादसों के बाद संबंधित थानों ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन चालकों की पहचान की जा सके। दोनों गांवों में शोक का माहौल है।










Discussion about this post