मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के सिसौना रोड बागोवाली गेट के पास सोमवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव बेहड़ा अस्सा निवासी 31 वर्षीय हिमांशु त्यागी पुत्र नरेश त्यागी और थाना पुरकाजी क्षेत्र के गांव रंडावाली निवासी 29 वर्षीय सीटू पुत्र ऋषिपाल के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों परिवारों ने मृतकों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
सीटू एक प्राइवेट फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करता था और ड्यूटी पूरी कर सोमवार रात अपने गांव लौट रहा था। सिसौना रोड बागोवाली गेट के पास हादसे में उसकी मौत हो गई। सीटू के तीन छोटे बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिजन गम में बेसुध हो गए। मृतक के दोस्त शुभम ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।
वहीं, बेहड़ा अस्सा निवासी हिमांशु त्यागी परिवार का इकलौता सहारा था और पेस्टिसाइड कंपनी में नौकरी करता था। उसकी मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम प्रधान मनोज फौजी ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम की कार्यवाही नहीं चाहते और बेटे का अंतिम संस्कार सीधे करना चाहते हैं।










Discussion about this post