मुज़फ्फरनगर। साइबर ठगों ने शेयर मार्किट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर खतौली कस्बे के एक व्यक्ति से 31 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। ठगों ने 1 करोड़ 76 लाख रुपये का मुनाफा दिखाकर और 27 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
खतौली के मोहल्ला सर्राफान निवासी 59 वर्षीय सैयद सफदर आज़म ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्हें स्टॉक मार्किट थिंक टैंक नामक व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह ग्रुप से जुड़ गए, जहां ग्रुप के सदस्यों ने शेयर खरीद-बिक्री का लालच देना शुरू कर दिया।
नीशा पटेल नामक एक महिला ने उन्हें फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर मुनाफा दिखाया और प्रीवेलिज अकाउंट खोलने के लिए लिंक दिया। 13 अगस्त से 2 सितम्बर 2025 के बीच सफदर से अलग-अलग खातों में 31 लाख 18 हजार 500 रुपये जमा कराए गए।
बाद में अकाउंट में 1 करोड़ 76 लाख रुपये का बैलेंस दिखाया गया। जब सफदर ने 10 लाख रुपये निकालने की कोशिश की तो ठगों ने 27 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। इसके बाद उन्हें ठगी का आभास हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। साइबर पुलिस ने अज्ञात ठगों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।










Discussion about this post