मुजफ्फरनगर। जिले के नई मंडी क्षेत्र में नकली खाद बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से गांव सिलाजुड्डी में स्थित ‘श्रीराम एग्रो ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज’ नामक नकली खाद फैक्ट्री पर छापा मारते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया और पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि सीओ मंडी रूपाली राव, नई मंडी थाना प्रभारी दिनेश चंद, एसओजी टीम और जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया की टीम को सूचना मिली थी कि गांव सिलाजुड्डी में एक फैक्ट्री में नकली उर्वरक तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां फैक्ट्री के भीतर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उर्वरक और कीटनाशक तैयार किया जा रहा था।
फैक्ट्री में मौजूद आरोपी पैकेट भरने, सीलिंग और लेबलिंग का कार्य कर रहे थे। इस दौरान एक बोलेरो पिकअप में तैयार माल को लादा जा रहा था। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी इस प्रकार हैं:
- रमेशपाल, निवासी बच्चन सिंह कॉलोनी – फैक्ट्री का संचालक
- आसिफ, आरिफ, सलीम, निवासी शेरनगर – फैक्ट्री में नकली खाद और उर्वरक तैयार करते थे
- रियासत, निवासी ग्राम नसीरपुर – बोलेरो से माल की सप्लाई करता था
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ब्रांडेड उर्वरकों की बाजार में भारी मांग के कारण उन्होंने इस गोरखधंधे को शुरू किया। हापुड़ से वे ब्रांडेड कंपनियों के नाम वाले खाली पैकेट और बोरे खरीदते थे और उनमें नकली माल भरकर असली कंपनियों के नाम पर बाजार में बेचते थे।
पुलिस ने मौके से जो सामान जब्त किया, उसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹40 लाख है। बरामद सामान की सूची बेहद विस्तृत है, जिसमें शामिल हैं:
- 77 बैग एमओपी (आईपीएल ब्रांड)
- 107 बैग जिप्सम दाना
- 11 बैग इफको जिंक फर्टिलाइज़र
- 35 बैग कार्वोफ्यूरान, 45 बैग वर्टाको
- 7 बैग निदान कार्पेट हाइड्रोक्लोराइड
- 3 बैग दयाल मोनो जिंक, 7 बैग फ्यूरोडॉन
- 410 खाली बैग बिना किसी ब्रांड के
- 150 खाली बैग श्रीराम बायोकेन जैम
- 2 बड़े केमिकल ड्रम, 1 नीला ड्रम कैमिकल से भरा
- 1 पैकेट सीलिंग मशीन, बोरी सिलने की मशीन, मिक्सिंग मशीन
- बोलेरो पिकअप (UP12 BT 6667)
इसके अलावा, सैकड़ों खाली पैकेट, गत्ते, ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी लेबल, और पैकिंग टेपिंग मशीन भी बरामद की गई है।
फैक्ट्री से बरामद नकली खाद व कीटनाशकों की प्रारंभिक जांच कृषि विभाग द्वारा की गई। जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया ने थाना नई मंडी में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
इस संगठित अपराध का पर्दाफाश करने वाली पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने ₹20,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
- थानाध्यक्ष दिनेश चंद, उपनिरीक्षक दिनेश कौशिक
- एसओजी के अखिल चौधरी, अजय गौड़, मोहित चौधरी
- हेड कांस्टेबल तरुण पाल, गुरनाम, विक्रांत, रवि राणा, जितेंद्र त्यागी
- जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया और उनकी टीम
- कृषि रक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार
- सहायक सचिन कुमार, कृषि कार्यालय










Discussion about this post