मुज़फ्फरनगर। जिले के तितावी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने मंगलवार को लालूखेड़ी गांव स्थित आराध्या अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान सेंटर में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मौके पर राहुल शर्मा को अल्ट्रासाउंड करते हुए पकड़ा गया, जबकि वह इस कार्य के लिए अधिकृत नहीं था। अधिकारियों ने पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।
जांच में यह भी पता चला कि सेंटर के पंजीकृत चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार मौके पर अनुपस्थित थे। वहीं, राहुल शर्मा ने महत्वपूर्ण दस्तावेज छिपाने और पांच ओपीडी पर्चियां गायब करने का प्रयास किया। सेंटर का संचालन त्रिलोक चंद प्रसाद द्वारा किया जा रहा था।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद नोडल अधिकारी की तहरीर पर त्रिलोक चंद प्रसाद, डॉ. राजेश कुमार और राहुल शर्मा के खिलाफ थाना तितावी में एफआईआर दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसे जिला प्रशासन की लिंग चयन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया और चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस कार्रवाई से मुज़फ्फरनगर के अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटरों में भी हड़कंप मच गया। अधिकारी बताते हैं कि यह कार्रवाई न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी का उदाहरण है, बल्कि महिला भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील विषय पर सरकार की गंभीरता को भी दर्शाती है।










Discussion about this post