मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में शोक की लहर है। यहां के मौहल्ला पीपलवाला निवासी 22 वर्षीय आस मौहम्मद अंसारी उर्फ मुन्ना ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आत्महत्या कर ली। इस घटना ने भोकरहेड़ी में रहने वाले उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आस मौहम्मद जो लगभग दो माह पूर्व रियाद में नौकरी करने गए थे, शनिवार को अपनी पत्नी सामिया से मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए बात कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस विवाद के बाद आस मौहम्मद ने वीडियो कॉल पर ही पत्नी के सामने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
हजारों किलोमीटर दूर बैठी पत्नी सामिया के शोर मचाने के बावजूद वह अपने पति को बचा नहीं सकीं। पत्नी ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने रियाद में ही कार्यरत मृतक के मामा इकराम अंसारी को जानकारी दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आस मौहम्मद को फांसी पर लटका पाया।
आस मौहम्मद की शादी इसी वर्ष 7 अप्रैल 2025 को हुई थी। पेशे से टेलर मास्टर मृतक के पिता कासिम अंसारी और माता हमीदा सहित पत्नी सामिया और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और सपा नेता डॉ. अलीशेर अंसारी ने युवक के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद कस्बे में संवेदना व्यक्त करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है।










Discussion about this post