मुजफ्फरनगर। दीपावली की रात रामलीला टिल्ला क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद हुए झगड़े ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जिसके बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर तत्काल एक्शन लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने लापरवाही के आरोप में रामलीला टिल्ला चौकी प्रभारी दीपक मावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।
यह सनसनीखेज मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला का है। दीपावली की रात, 39 वर्षीय मिंटू पुत्र महावीर सैनी कुछ युवकों के बीच चल रहे शराब विवाद और मारपीट में बीच-बचाव करने गए थे। इसी दौरान हमलावर युवकों ने मिंटू को भी घेरा और लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
समझौता टूटने पर मौत-
शुरुआत में, हमलावर युवक और घायल पड़ोसी होने के कारण कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। परिजन घायल मिंटू का उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में करा रहे थे। हालांकि, रविवार को मिंटू की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मेरठ रेफर किया गया। दुःखद है कि उपचार के लिए मेरठ ले जाते समय मिंटू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मिंटू की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में भारी रोष फैल गया, जिसके बाद आसपास की दुकानें बंद कर दी गईं।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा-
घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर कोतवाली उमेश रोरिया भारी पुलिस बल के साथ रामलीला टिल्ला पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई राजू की तहरीर पर पुलिस ने हमलावर नौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों में संदीप उर्फ छोटा, कल्लू, दीपक, बिट्टू, अभिषेक और अखिलेश शामिल हैं।
एसएसपी संजय वर्मा ने घटना की गंभीरता और पुलिस की शुरुआती लापरवाही को देखते हुए यह कार्रवाई की है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में तनाव के मद्देनजर रामलीला टिल्ला में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, और पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दे रही है।










Discussion about this post