लखनऊ। दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुज़फ़्फ़पुर जा रही एक वातानुकूलित बस शुक्रवार सुबह साढ़े चार बजे आगरा एक्सप्रेसवे पर काकोरी में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा टोल प्लाजा से लगभग दो किलोमीटर दूर मेहंदी नगर गाँव के सामने अंडरपास के पास हुआ। बस में सवार लगभग 50 यात्रियों में से 12 घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पाकर एसीपी शकील अहमद और इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।
काकोरी सीएचसी में घायलों को प्राथमिक उपचार कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल सागर कुमार यादव (21) निवासी गया बिहार को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। शेष 11 घायलों की हालत स्थिर बताई है। मामूली रूप से घायल यात्रियों में राजा कुमार (25), बद्री शाह (55), ममता कुमारी (30), आरव (11), प्रीति (24), विक्की कुमार (22), रोशनी विक्की (20), अरविंद कुमार (34), राकेश (36), काजल (31) और नरेश कुमार मिश्रा (61) शामिल हैं।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि सभी यात्रियों को बस कंपनी की दूसरी गाड़ी से सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद किरेन मशीन की मदद से बस को हटवाया गया। एसीपी शकील अहमद ने बताया फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। बस चालक और परिचालक की तलाश कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










Discussion about this post