मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना गांव जौला में शुक्रवार की रात एक प्रेम कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि पूरा इलाका हैरान रह गया। एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने चोरी-छुपे उसके घर पहुंचा, लेकिन लड़की के परिजनों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पर घटनाक्रम ने जबरदस्त पलटी मारी जब कुछ घंटों के भीतर ही थाने में दोनों का निकाह करा दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। शुक्रवार देर रात युवक चुपके से अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इस दौरान लड़की के घरवालों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इस पर गांव में हलचल मच गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
स्थानीय पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने बुलाया और पूछताछ की। पूछताछ में युवक-युवती ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। जब यह स्पष्ट हुआ कि दोनों बालिग हैं और प्रेम संबंध में लंबे समय से जुड़े हैं, तब पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए दोनों परिवारों को समझाया।
कुछ देर की बातचीत और गांव के संभ्रांत लोगों की मध्यस्थता के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस चौकी में ही सामाजिक रीति-रिवाजों के तहत निकाह की रस्म पूरी कर दी गई। इस दौरान गांव के कई बुजुर्ग और सामाजिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
यह अनोखा मामला गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों के बीच यह मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है कि कैसे एक संभावित विवाद को आपसी सहमति और समझदारी से प्रेम विवाह में बदला गया।











Discussion about this post