गोरखपुर। गोरखपुर के खजनी थानाक्षेत्र में एक महिला गंभीर रूप से घायलावस्था में मिली। सुबह जब लोगों की आवाजाही शुरू हुई तब लोगों ने किसी के कराहने की आवाज सुनी, मौके पर जाने के बाद घायल पड़ी महिला को देखते ही लोगों के होश उड़ गए। इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई, पुलिस ने फौरन एंबुलेंस बुलाकर BRD मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। सीसीटीवी कैमरे से घटना की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपित सचिन जायसवाल को हिरासत में ले लिया है।
खजनी थाना से कुछ दूरी पर बीआरसी और कंपोजिट विद्यालय का परिसर है। शुक्रवार की सुबह बीआरसी पहुंचे एक चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी को किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी। इधर-उधर देखने के बाद वह जानवर समझकर अपने काम में लग गया।
कुछ देर बाद कराहने की आवाज तेज होने पर उसने जांच की तो बीआरसी के पीछे एक महिला गंभीर हाल में पड़ी मिली। सूचना पर थानाध्यक्ष अनूप सिंह समेत एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। महिला को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
इसके बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरे से जांच शुरू की तो महिला के साथ एक युवक को देखा गया। पूछताछ में युवक की पहचान सचिन जायसवाल बांसगांव थाना क्षेत्र के गांव निवासी के रूप में हुई। महिला का मायका भी आरोपित के गांव में था। शादी के बाद भी वह महिला को फोन कर परेशान करता था।
घटना के बाद जांच करते हुए पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि महिला मायके आ रही है, इसकी जानकारी उसे थी। वह उसके पास गया और दोनों बीआरसी परिसर में गए। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और नाराज होकर उसने महिला के सिर पर दो बार ईंट से मार दिया। इसके बाद गंभीर हाल में उसे छोड़कर फरार हो गया।
आरोपित और महिला का पहले से परिचय है। दोनों एक ही गांव के थे। शादी होने के बाद महिला अपने हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित ससुराल चली गई। महिला को एक बच्चा भी है। इधर, आरोपित लगातार उसे फोन कर परेशान करता था। पीड़िता ने कई बार आरोपित को फोन करने से मना किया, लेकिन वह नहीं मानता था। शुक्रवार की सुबह भी इसके फोन करने के बाद महिला का पति से विवाद हुआ था। इसके बाद वह मायके लिए निकली थी।
एसपी दक्षिणी जितेन्द्र कुमार ने इस घटना के बारे में बताते हुए कहा कि महिला का उपचार बीआरडी में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है। खजनी पुलिस ने जांच कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मायके वालों की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपित से पूछताछ की जा रही है।











Discussion about this post