लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने सोमवार को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यूपी पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती रहेगी।
डीजीपी ने कहा कि “उत्तर प्रदेश पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही करेगी और अपराधियों के खिलाफ कठोर रुख अपनाया जाएगा।”
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने बताया कि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष रणनीति बनाई जा रही है, जिसमें संवेदनशील मामलों पर त्वरित कार्रवाई और निगरानी तंत्र को मजबूत करना शामिल है।
राजीव कृष्ण ने साइबर अपराधों में बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई और बताया कि इस चुनौती से निपटने के लिए यूपी पुलिस का साइबर इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर जिले में साइबर क्राइम सेल की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि हर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता में रहेगा।
डीजीपी ने पुलिस बल के कल्याण, प्रशिक्षण और आधुनिकीकरण पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा, “हमारे पास प्रतिभाशाली और समर्पित पुलिसकर्मी हैं। उन्हें हर स्तर पर संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।”










Discussion about this post