उत्तर प्रदेश में सावन में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा और अन्य त्योहारों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग संवेदनशील कांवड़ मार्गों पर एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करेगा। स्वास्थ्य उपकेंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज की व्यवस्था के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अलग से इमरजेंसी वार्ड बनाए जाएंगे।
चिकित्सा, स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने एसजीपीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान, सैफई के आयुर्विज्ञान विश्विद्यालय, सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य, सीएमओ-सीएमएस को इस संबंध में निर्देश दिया है।
उन्होंने सभी को अलर्ट करते हुए तीन दिन में पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य इकाइयों में पर्याप्त दवाओं का इंतजाम, इमरजेंसी सेवाएं दुरुस्त रखने, स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त संख्या में तैनाती, उपकरणों को क्रियाशील रखने व जांच आदि के समुचित इंतजाम करने को कहा है।
उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्गों पर किसी भी तरह की दुर्घटना पर पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाने व उच्चाधिकारियों को जानकारी देने के भी निर्देश दिए हैं।











Discussion about this post