बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली के आंवला इलाके में जींस और टॉप पहने नौ लड़कियां सड़कों पर घूमकर भीख मांग रही थीं। उनकी हरकतें देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़कियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनका चालान कर दिया गया। ये लड़कियां गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली हैं।
शुक्रवार दोपहर आंवला-बदायूं रोड पर एक मेडिकल कॉलेज के समीप जींस-टाप पहनी नौ गुजराती युवतियां सड़क पर राहगीरों को रोक रही थी और घर में तमाम परेशानियां बताकर राहगीरों से 100-200 रुपये मदद की गुहार लगा रही थीं। कुछ लोगों ने इनके भावनात्मक झांसे में आकर रुपये भी दिए। शक होने पर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की तो युवतियों ने बताया कि वे गुजरात के अहमदाबाद से आई हैं। युवतियों ने अपने नाम उर्मी (28), नीतू (25), कुसुम (25), अंजलि (21), सुनीता (26), रीना (20), मनीषा (20), पूनम (25) और टीना (26) बताए। पुलिस सभी को थाने ले आई और शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से दो-दो लाख के मुचलके पर छोड़ दिया।
आंवला क्षेत्र में चर्चा है कि इस गिरोह में और भी सदस्य हैं, जो अन्य स्थानों पर भीख मांग रहे हैं। रुपये न देने पर ये राहगीरों पर संगीन आरोप भी लगा सकती हैं। फिलहाल पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने व किसी प्रकार की समस्या आने पर पुलिस को सूचित करने की सलाह दी है।
आंवला कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि युवतियां अपनी पारिवारिक परेशानियां बता कर भीख मांग रही थीं। सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।











Discussion about this post