लखनऊ : लखनऊ के गोमतीनगर थाने के बाहर एक सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक और युवती सरेआम एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों झगड़ते हुए थाने के अंदर घुस जाते हैं, जहां भी यह विवाद चलता रहता है. यह पूरा घटनाक्रम किसी राहगीर द्वारा रिकॉर्ड किया गया है. वीडियो में युवती को कई बार जमीन पर गिरते हुए भी देखा जा सकता है, लेकिन इसके बावजूद वह युवक से भिड़ती रही. बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार की है.
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक सलून संचालिका है और शहनवाज खान नामक युवक के साथ साझेदारी में काम करती थी. युवती के अनुसार, शहनवाज ने पहले उसे झूठे शादी के वादे में फंसाया, शारीरिक संबंध बनाए और फिर करीब आठ लाख रुपये हड़प लिए. साथ ही पीड़िता के भाई से भी पैसे ले लिए. युवती का आरोप है कि शहनवाज उसे शादी का झांसा देता रहा, जबकि वह पहले से शादीशुदा था.
जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोप है कि शहनवाज ने 16 जून 2025 को सलून में काम कर रही दो लड़कियों से उसका मोबाइल फोन चोरी करा लिया. यह पूरी घटना सलून के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है. जब पीड़िता ने मोबाइल और पैसों की मांग की तो शहनवाज ने उसकी पिटाई की, जिससे उसे चोटें आईं. युवती के मुताबिक, उसके पास मारपीट का वीडियो भी मौजूद है. इतना ही नहीं, शहनवाज ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है.
गोमतीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर शहनवाज खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.










Discussion about this post