लखनऊ : लखनऊ की सिमरन एमिटी यूनिवर्सिटी की छात्रा थी. पढ़ने में खूब तेज थी. हजारों सपने उसने देख रखे थे. मगर उसे क्या पता था कि उसके सौतेले पिता ही उसे दर्दनाक मौत दे देंगे. उसकी मां की दूसरी शादी ही उसकी मौत की वजह बन जाएगी. लखनऊ की सिमरन के साथ जो हुआ, उसे जान सभी सकते में हैं. लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 साल की सिमरन को उसके सौतेले पिता ने ही चाकुओं से गोदकर मार डाला. घटना सोमवार देर शाम की है.
सिमरन की मां रेखा राजपूत ने बताया कि सिमरन मोबाइल में फोटो देख रही थी. मगर उसके सौतेले पिता विकास को शक हुआ कि वह किसी लड़के से बात कर रही है. इसी बात को लेकर वह बुरी तरह भड़क गया और उसने गुस्से में चाकू से बेटी पर हमला कर दिया. मृतका की मां ने बताया कि जब उसने बीच बचाव करने की कोशिश की तो पति ने उसे भी घायल कर दिया.
बता दें कि सिमरन लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी की छात्रा थी. सौतेले पिता ने उसपर लगातार चाकुओं से वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. युवती की गर्दन और पेट पर कई गहरे जख्म पाए गए हैं. बता दें कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया था. मगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी पिता विकास पांडेय से पूछताछ कर रही है.
सिमरन के चचेरे भाई संदीप राजपूत ने बताया कि सिमरन के पिता जागेश राजपूत का निधन 2014 में हो गया था. इसके बाद रेखा राजपूत ने विकास पांडेय से दूसरी शादी की थी. विकास लगभग एक साल से उसी घर में रह रहा था. संदीप ने यह भी कहा कि सिमरन अपनी मां की दूसरी शादी से खुश नहीं थी और अक्सर विकास से उसका झगड़ा होता रहता था.
इस मामले में डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया, सिमरन एमिटी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर रही थी. सामने आया है कि घर में विवाद और तनाव था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.










Discussion about this post