मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद जनपद में चल रहे सत्यापन अभियान के तहत पुलिस ने चरथावल थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। रविवार रात एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में सत्यापन टीम किराएदारों और बाहर से आए कामगारों का सत्यापन कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक मकान में अवैध आतिशबाजी का निर्माण कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मकान पर दबिश दी और मौके से अरशद पुत्र रियासत को हिरासत में लिया। वहां भारी मात्रा में आतिशबाजी बनाने के केमिकल और अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त और अन्य किराएदारों ने बताया कि वे गाजियाबाद के रहने वाले हैं और काफी समय से इस अवैध पटाखा फैक्ट्री में अनार बम बनाने का काम कर रहे हैं।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सत्यापन अभियान के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। मौके से लगभग 20 किलो केमिकल पाउडर, विभिन्न प्रकार के पेपर और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इसके साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई जनपद में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है। किराएदारों ने स्वीकार किया कि वे पिछले कई दिनों से इस फैक्ट्री में काम कर रहे थे। घटना से यह स्पष्ट हुआ कि अवैध पटाखा निर्माण पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है।










Discussion about this post