शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीश्याम में कब्रिस्तान के निकट बाइक सवार 45 वर्षीय पशु चिकित्सालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी देवराज की सिर में सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। कर्मचारी की हत्या से परिजनों में गम का माहौल बना है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है।
गांव गढ़ीश्याम निवासी देवराज गंगेरू पशु चिकित्सालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। वह अपने परिवार समेत गंगेरू पशु चिकित्सालय में सरकारी क्वार्टर में रहते थे। रोज की तरह रविवार रात को वह बाइक से दूध लेने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित अपने गांव गढ़ीश्याम जा रहे थे। जब वह रास्ते में गांव गढ़ीश्याम से पहले कब्रिस्तान के निकट पहुंचा तो बदमाशों ने उसे रोक लिया और सिर में सटाकर गोली मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उसे सीएचसी कांधला ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कर्मचारी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। एएसपी संतोष कुमार सिंह और सीओ कैराना श्याम सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एएसपी का कहना है कि प्रथम दृष्टया रंजिश में गोली मारकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। इस मामले में परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post