मुजफ्फरनगर। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के चरथावल रोड पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वेस्ट मोबिल ऑयल के गोदाम में अचानक भयंकर आग लग गई। तेल होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मजदूर ने दीवार फांदकर बचाई जान-
राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, गोदाम के भीतर एक मजदूर काम कर रहा था। आग की लपटें बढ़ती देख उसने फुर्ती दिखाते हुए दीवार फांदकर अपनी जान बचाई।
अवैध संचालन और NOC पर उठे सवाल-
हादसे के बाद फैक्ट्री के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर पहुँचे जिला पंचायत सदस्य अमरकांत चीकू ने आरोप लगाया कि यह गोदाम पूरी तरह अवैध रूप से चलाया जा रहा था। उनके अनुसार, संचालक के पास किसी भी विभाग की NOC (अनापत्ति प्रमाणपत्र) नहीं थी। उन्होंने चेतावनी दी कि घनी आबादी और रिहायशी कॉलोनियों के बीच इस तरह के खतरनाक गोदामों का होना किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई-
घटना की सूचना पर सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता आग पर काबू पाने की थी, जिसे दमकल कर्मियों ने बखूबी अंजाम दिया।
सीओ सिटी ने स्पष्ट किया कि-
आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
गोदाम के वैध या अवैध होने के दस्तावेजों की पड़ताल होगी।
यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।










Discussion about this post