मुज़फ्फरनगर। काकरौली थाना क्षेत्र के खुजेडा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की जान को गंभीर खतरे में डाल दिया है। गांव में मकदूमिया माइनॉरिटी मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास बिजली की लाइन लकड़ी के खंभों पर दौड़ाई गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय समाजसेवी जियाउल हक ने बताया कि यह लाइन स्कूल के नजदीक से गुजरती है और बच्चों को प्रतिदिन इसी रास्ते से आना-जाना होता है। बरसात के मौसम में लकड़ी की बल्लियां कमजोर हो जाती हैं, जिससे उनके टूटने का खतरा बना रहता है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो जानलेवा दुर्घटना हो सकती है।
जियाउल हक ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार ककरौली स्थित विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह लापरवाही विभागीय उदासीनता को दर्शाती है और अगर जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।










Discussion about this post