मुजफ्फरनगर। नगर पंचायत पुरकाजी के सभागार में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में केंद्र सरकार की योजनाओं और 11 वर्षों की उपलब्धियों का जमकर गुणगान हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश आडवाणी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अजय पवार ने की जबकि संचालन मंडल महामंत्री विपिन गोयल ने किया। सभा की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने उज्ज्वला गैस योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी 122 जनकल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने देश के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौर में महिलाएं कहीं भी निर्भय होकर आ-जा सकती हैं और देश-प्रदेश दोनों ही सुरक्षित हाथों में हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सीमा सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश आडवाणी ने भी केंद्र सरकार की योजनाओं और जनसमर्पित दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। सभा में मंडल प्रभारी गजे सिंह, विधानसभा संयोजक कुशवेंद्र तोमर, कार्यक्रम संयोजक अजय पवार, वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण खुल्लर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. संदीप वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज जोधा, भाजपा नेता हरिराम सक्सेना, विपिन गोयल, संदीप गोयल, निर्दोष जैन, सुशील वर्मा, प्रधान सचिन गुर्जर, सुशील त्यागी, दीपक त्यागी, नदीम अहमद, तनवीर आलम, मनोज चौहान, शिवकुमार पाल, उत्तम राणा, विपिन राठी और केपी सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे। सभा के समापन पर हाल ही में हुई अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मृतकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।










Discussion about this post