मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2025 के अंतर्गत मुजफ्फरनगर जिले से कुल 1314 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिन्हें शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 28 विशेष बसों के जरिए लखनऊ भेजा गया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर परिसर से सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए रवाना किया।
इस दौरान एसएसपी ने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश पुलिस विश्व का सबसे बड़ा सशस्त्र बल है। इसमें चयन होना न केवल गर्व की बात है, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। अब आप सभी एक अनुशासित बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं, इसलिए इस गौरवपूर्ण यात्रा के हर चरण में अनुशासन का पालन करें।”
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी भर्ती प्रक्रिया में कुल 60,244 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें मुजफ्फरनगर से 942 पुरुष और 248 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को 15 जून 2025 को लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों की यात्रा को पूरी तरह सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर समुचित व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस में प्राथमिक चिकित्सा किट, पुलिस बल की तैनाती, जलपान और भोजन की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि रास्ते में कोई असुविधा न हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी नगर राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी सदर देवव्रत वाजपेई, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सहित कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










Discussion about this post