मुज़फ्फरनगर। शहर के व्यापार जगत को हिलाकर रख देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष और प्रमुख व्यापारी नेता नवीन मित्तल की उनके ही परिचित ने हत्या कर दी। घटना के बाद व्यापारी वर्ग में भारी रोष है और इलाके में सनसनी फैल गई है। नवीन मित्तल की हत्या 2.25 लाख रुपये के कर्ज को लेकर की गई।
नई मंडी थाना क्षेत्र के भरतिया कॉलोनी निवासी नवीन मित्तल रविवार रात करीब 8:30 बजे गांधीनगर में रहने वाले परचून व्यापारी नमन जिंदल के पास उधारी के 2.25 लाख रुपये मांगने गए थे। लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिवार की चिंता बढ़ी तो बेटे अभिषेक मित्तल ने नई मंडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध नमन जिंदल और उसके नौकर आतिश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नवीन मित्तल को शराब पिलाने के बाद गला दबाकर मार डाला और फिर शव को भोपा गंगनहर पुल से आगे खतौली की ओर नहर पटरी में फेंक दिया।
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक व्यापारी नवीन मित्तल की उम्र 56 वर्ष थी। वे एक मोबाइल कंपनी की एजेंसी के साथ-साथ आटे के थोक व्यापारी भी थे। साथ ही वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भी थे।
नवीन मित्तल अपने परिवार के साथ भरतिया कॉलोनी में रहते थे। उनका बड़ा बेटा अभिषेक मित्तल एजेंसी का कार्य देखता है और छोटा बेटा प्रमांश शिक्षा प्राप्त कर रहा है। हाल ही में उन्होंने अपनी बेटी सोनिया की शादी सोनीपत में की थी।
इस हत्याकांड से परिवार में कोहराम मच गया है और व्यापारी समाज आक्रोशित है। पुलिस ने दोनों आरोपियों – नमन जिंदल और आतिश – के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।










Discussion about this post