शामली। नगर के कैराना रोड स्थित नौकुआ चौराहे पर नगर पालिका की मुख्य पाइप लाइन फटने से स्थानीय नागरिकों व दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व IGL गैस कंपनी की लापरवाही से खुदाई के दौरान पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा था। इसके चलते पूरे शहर में करीब 24 घंटे तक पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद रही। जल संकट को देखते हुए नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल और ईओ ने गैस एजेंसी की मशीन सीज कर दी थी। हालांकि, मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन पाइपलाइन अब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाई है। कैराना रोड, दिल्ली रोड और नौकुआ रोड जैसे क्षेत्रों में जलापूर्ति लगातार बाधित हो रही है।
रविवार को स्थानीय दुकानदारों ने गड्ढों व जल संकट को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि न केवल नागरिकों को परेशानी हो रही है बल्कि उनकी दुकानदारियों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग: आशीष कुमार, राकेश अरोरा, रामपाल, अनिल कुमार, रविंद्र कुमार, राजू, दीपक, विनोद, घनश्याम, सुनील कुमार, राजेश कुमार, संजय कुमार आदि।











Discussion about this post