मेरठ। सरूरपुर थाना इलाके के एक गांव निवासी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने बुधवार को नानू गंगनहर में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। वहीं, गांव के ही एक 12वीं के छात्र ने भी अपने घर में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की।
प्रेमी युगल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बताया गया है कि युवक का रिश्ता तय होने पर प्रेमीयुग ने जान देने की कोशिश की है। मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा बुधवार की दोपहर करीब 3:00 बजे नानू गंगनहर पुल पर पहुंची। छात्रा ने आत्महत्या के इरादे से गंगनहर में छलांग लगा दी।
छात्रा को बचाने के लिए मौके पर मौजूद लोग गंगनहर में कूद गए और उसे किसी तरह बाहर निकालकर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छात्रा को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए।
वहीं, गांव निवासी युवक ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसे परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रेमी युगल अलग-अलग जाति से ताल्लुक रखते हैं और एक ही गांव के रहने वाले हैं। ग्रामीणों के अनुसार युवक ने पास के ही गांव में स्थित इंटर कॉलेज में बारहवीं की परीक्षा दी हैं।
प्रेम प्रसंग की भनक लगने पर युवक के परिजनों ने जून में उसकी शादी तय कर दी थी। वहीं, प्रेम प्रसंग को लेकर परिजनों के डांटने की जानकारी भी मिली है। हालांकि परिजन ने इससे इन्कार किया है।
एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। थाना पुलिस को जांच के लिए निर्देशित किया गया है।











Discussion about this post