नई दिल्ली : दिल्ली को अगले हफ्ते नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने चुनाव जीतने वाले विधायकों में से 15 नाम चुने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होगी।
पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेता बैठक करेंगे। इसी दौरान यह तय किया जाएगा कि दिल्ली की कमान किसे सौंपी जाएगी। बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीती थीं। अब पार्टी ने इनमें से 9 विधायकों को शॉर्टलिस्ट किया है। इन्हीं में से मुख्यमंत्री, मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। बीजेपी विधायक दल की बैठक 17 या 18 फरवरी को हो सकती है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आए थे। इसके बाद 10 फरवरी को पीएम मोदी फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर चले गए। इसी वजह से शपथ ग्रहण समारोह की तारीख टाल दी गई थी। अब उनका विदेश दौरा 14 फरवरी को पूरा हो चुका है और वे शुक्रवार को भारत लौट रहे हैं। उनके आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला होगा। बीजेपी नेतृत्व पहले से इस पर मंथन कर चुका है और अब चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।
बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता हासिल की है। 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर सरकार बनाने का मौका पाया। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच था। आम आदमी पार्टी को सिर्फ 22 सीटें मिलीं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन जैसे दिग्गज नेता चुनाव हार गए।
मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित चेहरे
बीजेपी ने बिना किसी सीएम उम्मीदवार के चुनाव लड़ा था, इसलिए अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी किसे मुख्यमंत्री बनाती है। इस दौड़ में कई नाम शामिल हैं।
– प्रवेश वर्मा: नई दिल्ली सीट से चुनाव जीतकर आए हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को हराया, जिससे वे पार्टी के लिए अहम नेता बन गए हैं।
– सतीश उपाध्याय: वे दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी थे।
– आशीष सूद: बीजेपी के पंजाबी समुदाय का चेहरा माने जाते हैं।
– जितेंद्र महाजन: वे भी सीएम पद की दौड़ में शामिल हैं।
– विजेंद्र गुप्ता: वे बीजेपी के अनुभवी नेताओं में से एक हैं और उनके नाम पर भी चर्चा हो रही है।











Discussion about this post