मुज़फ़्फ़रनगर / मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के मंगलपुरी में शुक्रवार देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी 18 मई से मायके से लापता थी और वह उसे लेकर बेहद परेशान था। युवक ने पत्नी की चुनरी से ही पंखे में फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कंकरखेड़ा की गली नंबर तीन निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनका बेटा अंकुर टंडन उनके साथ मार्शल पिच के पास लोहा वेल्डिंग का कारोबार संभालता था। अंकुर की शादी मुजफ्फरनगर निवासी विनोद कुमार की बेटी प्रियंका से हुई थी। दोनों की साढ़े तीन साल की बेटी भी है।
सतीश कुमार के अनुसार 18 मई को प्रियंका अपनी बेटी को लेकर मुजफ्फरनगर अपने मायके गई थी, जहां वह एक शादी समारोह में शामिल होने वाली थी। उसे अंकुर खुद छोड़कर आया था। लेकिन 25 मई को प्रियंका के पिता विनोद कुमार ने फोन कर बताया कि प्रियंका कहीं लापता हो गई है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद सतीश कुमार अपनी पोती को लेकर मेरठ आ गए थे। परिवार के सभी सदस्य कंकरखेड़ा स्थित मकान में रहते हैं। शुक्रवार रात को सभी खाना खाकर सो गए थे। अंकुर ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया था। रात करीब 2 बजे सतीश की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि अंकुर मोबाइल देख रहा था। उन्होंने उसे सोने को कहा और वापस अपने कमरे में चले गए।
शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे अंकुर की बहन स्वीटी ने जब उसे आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर देखा तो अंकुर पत्नी की ही चुनरी से बने फंदे में लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर स्वीटी चीख पड़ी। स्वजन भी भागकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अंकुर पत्नी की गुमशुदगी से मानसिक रूप से बेहद परेशान था।











Discussion about this post