मुजफ्फरनगर। जनपद में भारतीय किसान यूनियन के बडे नेता से हुई 79 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके बेटे की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि भाकियू नेता के साथ यह ठगी गैस एजेंसी नाम कराने को लेकर हुई।
आरोप है कि भारतीय किसान यूनियन की युवा इकाई के जिलाध्यक्ष रतनपुरी निवासी कपिल सोम से गैस एजेंसी देने के नाम पर गढ़मुक्तेश्वर की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी एजेंसी मालकिन मीनाक्षी तोमर, उसके पति हरि तोमर और बेटे विनीत कुमार ने 79 लाख 24 हजार रुपये हड़प लिए थे। यह पैसे कपिल ने अपने और अपने भाई के बैंक खाते से ट्रांसफर किए थे।
इसके अलावा कपिल द्वारा करीब 24 लाख रुपये एजेंसी मालकिन मीनाक्षी उसके पति हरि तोमर और उसके पुत्र विनीत को नकद भी दिए गए थे। आरोप है कि रुपये मिलने के बाद इन लोगों ने एजेंसी नाम करने से साफ इंकार कर दिया। जब रुपये वापसी की बात आयी, तो इन लोगों ने रुपये देने से भी मना कर दिया।
इस मामले मे कपिल सोम की ओर से 12 अप्रैल को मीनाक्षी तोमर, उसके पति हरि तोमर और पुत्र विनीत कुमार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया था। जांच के दौरान प्रकाश में आया कि जिस गैस गोदाम का इन लोगों ने कपिल सोम के नाम बैनामा किया था, उस गोदाम पर बैंक का लोन बकाया था, जिस कारण इस मामले में अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई गई थी।
पुलिस ने 22 जून को आरोपी हरि तोमर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 18 अक्तूबर को ही पुलिस ने फरार आरोपियों के पैतृक घर पर धारा 82 के तहत कुर्की नोटिस चस्पा किए थे। सोमवार को रतनपुरी पुलिस ने नामजद एजेंसी मालकिन मीनाक्षी तोमर को गिरफ्तार किया।









Discussion about this post